
सूत्रों के हवाले से बड़ी चर्चा… क्या शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के मंत्रालय में होगा बदलाव?
नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के बीच छात्रों के मुद्दे पर सियासत अपने चरम पर है। प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च और धरने के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है। अब राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज है।
सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद सरकार छात्रों के मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने पर गंभीरता से विचार कर रही है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी से कहा था कि सरकार इस विषय पर चर्चा के लिए तैयार है। राहुल गांधी ने जवाब देते हुए कहा कि विपक्ष ने तो आज ही चर्चा की मांग की थी, लेकिन सरकार ने तब उसे स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि अब धरने के बाद सरकार चर्चा को तैयार हुई है और वह छात्रों की आवाज़ उठाते रहेंगे।
इसी बीच, सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि केंद्र सरकार मंत्रिमंडल में बदलाव पर मंथन कर सकती है। अटकलें हैं कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्रालय से हटाकर कोई दूसरी जिम्मेदारी दी जा सकती है। हालांकि, इस संबंध में सरकार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या छात्रों के मुद्दे पर संसद में व्यापक चर्चा होगी और क्या आने वाले दिनों में मोदी मंत्रिमंडल में फेरबदल देखने को मिलेगा।


