यूपी 2027 की जंग की तैयारी! राहुल-अखिलेश की मुलाकात से गठबंधन की अटकलें तेज
संसद भवन में सीट शेयरिंग और चुनावी रणनीति पर शुरुआती मंथन, कई दौर की बातचीत के संकेत

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले विपक्षी राजनीति में हलचल तेज हो गई है। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संसद भवन में राहुल गांधी से मुलाकात की। इस बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के संभावित गठबंधन की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच सीट शेयरिंग, चुनावी रणनीति और उत्तर प्रदेश के प्रमुख राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में प्रदेश की कानून-व्यवस्था, राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला और जनहित से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की पक्षधर है, जबकि समाजवादी पार्टी सीट बंटवारे को लेकर अपने राजनीतिक समीकरणों के आधार पर फैसला करना चाहती है। हालांकि, दोनों दलों की ओर से अभी गठबंधन या सीट शेयरिंग पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में दोनों दलों के बीच कई दौर की बातचीत होगी, जिसके बाद ही 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।