LIVE TVदेशराजनीतिराज्यव्यापार
Trending

हरिद्वार में व्यापारी सम्मेलन: ONDC से छोटे व्यापारियों को डिजिटल ताकत, GST सरलीकरण और व्यापारी आयोग की मांग उठी

राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन सुनील जे. सिंघी बोले—छोटे व्यापारियों को बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों के बराबर लाना सरकार की प्राथमिकता

हरिद्वार: हरिद्वार के देवपुरा में दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल और उत्तराखंड व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में विशाल व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं, व्यापार को बढ़ावा देने और डिजिटल माध्यमों से छोटे व्यापारियों को सशक्त बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।

सम्मेलन में भारत सरकार के राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन सुनील जे. सिंघी मुख्य अतिथि और हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

तकनीकी सत्र में व्यापारियों को ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) की जानकारी दी गई। बताया गया कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए छोटे और मध्यम व्यापारी कम लागत पर ऑनलाइन कारोबार शुरू कर सकते हैं और बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों से प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं।

सुनील जे. सिंघी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य देश के हर व्यापारी को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। बोर्ड की प्राथमिकताओं में GST का सरलीकरण, इंस्पेक्टर राज की समाप्ति और ONDC के माध्यम से छोटे व्यापारियों को डिजिटल बाजार से जोड़ना शामिल है।

सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि व्यापारी और किसान एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संवेदनशील है। चारधाम यात्रा से जुड़े व्यापारियों के लिए राहत पैकेज, पहाड़ी क्षेत्रों में लॉजिस्टिक्स सब्सिडी और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष सीए राजेश्वर पैन्यूली ने कहा कि उत्तराखंड के व्यापारियों की ओर से GST थ्रेशोल्ड सीमा 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 40 लाख रुपये करने और राज्य में व्यापारी आयोग के गठन की मांग को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से ONDC प्लेटफॉर्म से जुड़कर डिजिटल कारोबार का लाभ उठाने की अपील भी की।

Related Articles

Back to top button