धर्म

पहली तिमाही में बाबा विश्वनाथ के चढ़ावे में 10 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड वृद्धि

तमिलनाडु की 80 वर्षीय श्रद्धालु ने किया 3 करोड़ 50 हजार रुपये का दान

तीन माह में 32 करोड़ रुपये का चढ़ावा, तमिलनाडु की 80 वर्षीय श्रद्धालु ने किया 3 करोड़ 50 हजार रुपये का दान

वाराणसी। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था का प्रभाव मंदिर में प्राप्त होने वाले चढ़ावे पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। धाम के लोकार्पण के बाद से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसके चलते मंदिर के चढ़ावे में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

मंदिर प्रशासन के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल से जून) में श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर को लगभग 32 करोड़ रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में मिले 21.50 करोड़ रुपये की तुलना में करीब 10 करोड़ रुपये अधिक है।

इसी दौरान तमिलनाडु की 80 वर्षीय श्रद्धालु जुग्गी महिला ने अपने दिवंगत पति एवं दोनों पुत्रों की स्मृति में 3 करोड़ 50 हजार रुपये का दान मंदिर ट्रस्ट को दिया। कारोबारी परिवार से जुड़ी महिला ने अपनी गहरी धार्मिक आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा विश्वनाथ की कृपा से ही उन्हें यह सेवा करने का अवसर मिला है।

श्रद्धालु ने पहले काशी पहुंचकर मंदिर प्रशासन से दान की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने अपने प्रतिनिधि के माध्यम से आरटीजीएस द्वारा मंदिर ट्रस्ट के खाते में पूरी राशि हस्तांतरित कर दी। उन्होंने भविष्य में भी अन्न क्षेत्र के लिए प्रतिवर्ष 50-50 लाख रुपये की सहायता देने तथा मंदिर कर्मचारियों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने का संकल्प व्यक्त किया है।

मंदिर प्रशासन का कहना है कि श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या और दान दोनों में लगातार वृद्धि हो रही है। वर्ष 2023-24 में मंदिर को लगभग 84 करोड़ रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ था, जबकि वर्तमान रुझानों को देखते हुए इस वित्तीय वर्ष में चढ़ावे का आंकड़ा 100 करोड़ रुपये के पार पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

— समाचार सेंटर, वाराणसी

Related Articles

Back to top button