ब्रेकिंग न्यूज़

CBI.. *231 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले में CBI की बड़ी कार्रवाई…*

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शनिवार को 231 करोड़ रुपये से ज्यादा के दो बड़े बैंक धोखाधड़ी मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र और गुजरात के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

यह कार्रवाई बेंगलुरु स्थित CBI की बैंक सिक्योरिटीज एंड फ्रॉड ब्रांच (BSFB) द्वारा दर्ज दो अलग-अलग मामलों में की गई।

पहला मामला आर एल ज्वेल्स लिमिटेड (R L Jewels Ltd) और उसके निदेशकों से जुड़ा है। यह केस स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शिकायत पर दर्ज किया गया है। आरोप है कि कंपनी और उसके जिम्मेदार लोगों ने बैंक के साथ धोखाधड़ी कर करीब 103.58 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया। जांच में सामने आया है कि बैंक से मिले फंड का गलत इस्तेमाल किया गया, रकम को दूसरे बैंकों के खातों में ट्रांसफर कर डायवर्ट किया गया और कंपनी के रिकॉर्ड में भी कथित तौर पर हेराफेरी की गई।

दूसरा मामला अशापुरा गारमेंट्स लिमिटेड (Ashapura Garments Ltd) से जुड़ा है। यह केस केनरा बैंक की शिकायत पर दर्ज किया गया। आरोप है कि कंपनी और उसके निदेशकों ने बैंकों के एक कंसोर्टियम के साथ साजिश कर 128.23 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। जांच एजेंसी के मुताबिक, टेक्सटाइल कारोबार के लिए मिली बैंक क्रेडिट सुविधाओं का इस्तेमाल दूसरे कारोबारों में किया गया। आरोप है कि कंपनी ने स्टील, एल्युमिनियम और कोयले के कारोबार से जुड़ी कंपनियों के साथ बड़े लेन-देन कर बैंक का पैसा दूसरी जगह लगा दिया।

CBI ने दोनों मामलों में महाराष्ट्र और गुजरात के कई ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के घरों, दफ्तरों और कंपनियों के परिसरों की तलाशी ली गई।

छापेमारी में जांच एजेंसी को कई अहम दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और फंड डायवर्जन से जुड़े सबूत मिले हैं। CBI अब इन दस्तावेजों की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि घोटाले का पूरा नेटवर्क क्या था, पैसा कहां-कहां भेजा गया और इस साजिश में किन-किन लोगों की भूमिका रही। फिलहाल दोनों मामलों की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button