प्रतीक यादव की शवयात्रा में बिलख पड़े धर्मेंद्र यादव …यादव परिवार शोक में डूबा …

समाजवादी राजनीति में अक्सर आक्रामक तेवरों के लिए पहचाने जाने वाले Dharmendra Yadav का एक बेहद भावुक चेहरा आज भाई Prateek Yadav की अंतिम यात्रा में देखने को मिला। सड़क से लेकर संसद तक अपने तीखे अंदाज़ में दहाड़ने वाले धर्मेंद्र यादव भाई को अंतिम विदाई देते वक्त खुद को संभाल नहीं पाए और उनके आंसू लगातार बहते रहे।
यादव परिवार को करीब से जानने वाले बताते हैं कि जो इंसान बाहर से जितना सख्त दिखाई देता है, अंदर से वह उतना ही संवेदनशील भी होता है। यही तस्वीर उस वक्त भी दिखी थी जब Mulayam Singh Yadav का पार्थिव शरीर मेदांता अस्पताल से सैफई ले जाया जा रहा था। उस दौरान भी धर्मेंद्र यादव कई बार भावुक होकर बेहोश हो गए थे।
वहीं Akhilesh Yadav ने एक बार फिर परिवार के बड़े बेटे की भूमिका निभाते हुए अपने दर्द को भीतर ही दबाए रखा। चेहरे पर गंभीरता थी, लेकिन जिम्मेदारी उससे कहीं बड़ी। शायद यही वजह रही कि पूरे परिवार को संभालने की कोशिश में उन्होंने अपने आंसुओं को बाहर नहीं आने दिया।
प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा को देखकर शायद ही कोई कह सके कि यह परिवार अलग-अलग खेमों में बंटा हुआ है। Aparna Yadav को कई बार Dimple Yadav संभालती नजर आईं। परिवार के भीतर का अपनापन और दुख की घड़ी में साथ खड़े रहने की तस्वीरें बहुत कुछ कह रही थीं।
राजनीतिक गलियारों में भले अलग-अलग चर्चाएं और कयास लगाए जा रहे हों, लेकिन ऐसे समय में रिश्तों की असली ताकत सामने आ ही जाती है। मतभेद अपनी जगह होते हैं, लेकिन दुख की घड़ी में अपने ही सबसे पहले साथ खड़े दिखाई देते हैं। आज अखिलेश यादव भी तमाम राजनीतिक दूरियों से ऊपर उठकर परिवार के मुखिया और नेता जी की विरासत को निभाते नजर आए।

