तमिलनाडु में सियासी तस्वीर साफ, टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय कल लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ
कल चेन्नई में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जहां विजय राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

तमिलनाडु की राजनीति में पिछले कई दिनों से जारी सस्पेंस अब खत्म हो गया है। टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने बहुमत का आंकड़ा जुटाकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। अब कल सुबह चेन्नई में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जहां विजय राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
तमिलनाडु में सत्ता परिवर्तन की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो चुकी है। टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय शनिवार को चेन्नई स्थित लोक भवन पहुंचे और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश किया। विजय ने 234 सदस्यीय विधानसभा में 120 से अधिक विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपते हुए बहुमत साबित करने का दावा किया।

अब नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारियां तेज हो गई हैं। कल सुबह ठीक 10 बजे चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में भव्य समारोह आयोजित होगा, जहां विजय मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ उनकी कैबिनेट के 9 अन्य विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
सरकार बनाने के लिए विजय को पिछले कई दिनों तक लगातार राजनीतिक प्रयास करने पड़े। बहुमत का जादुई आंकड़ा जुटाने के लिए राज्यपाल के साथ यह उनकी लगातार चौथी अहम मुलाकात थी। लेकिन शनिवार को हालात पूरी तरह बदल गए, जब वीसीके और आईयूएमएल ने टीवीके को बिना शर्त समर्थन दे दिया। इसके बाद विजय ने तुरंत राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया।
इस दौरान विजय के साथ गठबंधन के कई बड़े नेता भी मौजूद रहे। कांग्रेस, वीसीके, सीपीआई, सीपीआई(एम) और आईयूएमएल के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने यह साफ संदेश दिया कि विजय के नेतृत्व में गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और नई सरकार को मजबूत समर्थन हासिल है।
अगर आंकड़ों की बात करें तो 234 सीटों वाली तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है। टीवीके के पास अपने 108 विधायक हैं। इसके अलावा कांग्रेस के 5, सीपीआई के 2, सीपीआई(एम) के 2, वीसीके के 2 और आईयूएमएल के 2 विधायकों का समर्थन मिलाकर गठबंधन का आंकड़ा 121 तक पहुंच गया है। यानी बहुमत से ज्यादा समर्थन के साथ विजय अब तमिलनाडु की सत्ता संभालने जा रहे हैं।
तमिलनाडु में सियासी अनिश्चितता का दौर खत्म हो चुका है। अब सबकी नजरें कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर हैं, जहां सी. जोसेफ विजय एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत करेंगे।


