देशब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराज्य

राहुल गांधी की बढ़ सकती है मुसीबत …ईडी नोटिस भेजने की कर रही है तैयारी

राहुल गांधी ने कुछ दिन पहले जताई थी आशंका ,ईडी कर सकती है उनके घर पर छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जल्द ही कांग्रेस की ओर से संचालित नेशनल हेराल्ड अखबार के मामलों में मनी लॉन्ड्रिंग जांच में पूछताछ के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को तलब कर सकती है. इस घटनाक्रम से परिचित सीनियर अफसरों ने इस बात की पुष्टि की है.

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ सीनियर अफसरों ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि कांग्रेस नेता से फिर से पूछताछ की जरूरत पड़ सकती है, क्योंकि एजेंसी अनियमितताओं की अपनी जांच पूरी करना चाहती है. इस मामले में एजेंसी पहले ही 751 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है. रायबरेली के सांसद से इससे पहले जून 2022 में ईडी ने चार बैठकों में करीब 40 घंटे तक पूछताछ की गई थी. उनसे यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड (YY) के दैनिक कामकाज में उनकी भूमिका के बारे में पूछताछ की गई थी. इस कंपनी में वह अपनी मां सोनिया गांधी के साथ हिस्सेदार हैं.

वहीं, वाईआई की ओर से असोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) का अधिग्रहण, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की ओर से एजेएल को दिया गया 90.21 करोड़ रुपये का ऋण और मुंबई में एक संपत्ति के विकास से संबंधित लेनदेन के बारे में भी पूछताछ की गई थी. जुलाई 2022 में तीन दिनों में करीब 11 घंटे तक सोनिया गांधी से भी इस मामले में पूछताछ की गई थी. ईडी के एक अधिकारी ने कहा, “हम एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) की जांच पूरी करने और अभियोजन शिकायत (ईडी के चार्जशीट के बराबर) दर्ज करने की सोच रहे हैं, ताकि मामले की सुनवाई हो सके. राहुल गांधी समेत सभी जुड़े लोगों को जल्द ही बुलाया जा सकता है.”

यह स्पष्ट नहीं है कि वित्तीय अपराध जांच एजेंसी सोनिया गांधी को भी एक बार फिर पूछताछ के लिए बुलाने पर विचार कर रही है या नहीं. पिछले हफ्ते राहुल गांधी ने दावा किया था कि संसद के हाल ही में संपन्न सत्र में केंद्रीय बजट पर चर्चा के दौरान उनके चक्रव्यूह भाषण के बाद ईडी उन पर छापा मारने की योजना बना रही है. उन्होंने कहा कि वह केंद्रीय जांच एजेंसी का बेसब्री से इंतजार करेंगे, क्योंकि ईडी के अंदरूनी सूत्रों ने उन्हें बताया है कि छापेमारी की योजना बनाई जा रही है.

Samachar Center

Related Articles

Back to top button