देशब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराज्यसमाज
Trending

पीलीभीत _शारदा किनारे बाढ़ नियंत्रण कार्य पर ग्रामीणों का हंगामा, गुणवत्ता पर उठे सवाल

पीलीभीत। कलीनगर तहसील क्षेत्र के नगरिया खुर्द कला में शारदा नदी किनारे चल रहे बाढ़ नियंत्रण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधान विवेकानंद सरकार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य में अनियमितताओं का आरोप लगाया।

ग्रामीणों का कहना है कि ठोकर संख्या-28 पर रेत के ऊपर ही वायर क्रेट में पत्थर भरकर डाले जा रहे हैं, जिससे पूरी संरचना पहली ही बरसात में बह सकती है। प्रदर्शनकारियों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से मामले की जांच कराने की मांग की।

ग्रामीणों के अनुसार शारदा नदी के दाहिने किनारे पर इस वर्ष बाढ़ नियंत्रण कार्य दो विभागीय इकाइयों की निगरानी में कराए जा रहे हैं। नगरिया खुर्द कला क्षेत्र की ठोकर संख्या-28 और 29 पर शारदा सागर खंड के अभियंताओं की देखरेख में काम चल रहा है। आरोप है कि पिछले एक महीने से चल रहे निर्माण कार्य के दौरान कई बार शिकायतें सामने आईं, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

ग्राम प्रधान विवेकानंद सरकार ने कहा कि ग्रामीणों की सूचना पर जब वे पंचायत सदस्यों और अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे तो वहां कोई जिम्मेदार अभियंता मौजूद नहीं मिला। इसके बाद नाराज ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए कार्य रुकवा दिया और अधिकारियों की मौजूदगी में मानकों के अनुसार काम कराने की मांग की।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि नगरिया कट, जंगल भौजी और डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में जियो बैग और एप्रन निर्माण कार्यों में भी बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हो रही हैं।

वहीं, बाद में मौके पर पहुंचे सिंचाई विभाग के अवर अभियंता और ठेकेदार के प्रतिनिधियों ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि निर्माण कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि नदी के भीतर बनाया जा रहा लॉन्चिंग एप्रन जलस्तर बढ़ने और कटान की स्थिति में मुख्य ठोकर को अतिरिक्त मजबूती प्रदान करता है।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि यदि कहीं कोई कमी पाई जाती है तो उसे तत्काल दूर कराया जाएगा और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। आश्वासन के बाद रुका हुआ कार्य दोबारा शुरू करा दिया गया था ,अब फिर कहानी वही शुरू हो गई है ,इसको लेकर एक बार फिर ग्रामीणों में आक्रोश है …

Related Articles

Back to top button