
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज नई दिल्ली में भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी तथा केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी से पुष्पगुच्छ भेंट कर शिष्टाचार मुलाकात की।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मौर्य ने प्रधानमंत्री जी एवं गृह मंत्री जी को उत्तर प्रदेश में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हो रही उल्लेखनीय प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने प्रदेश में सड़क, ग्रामीण विकास, कृषि, रोजगार सृजन, निवेश, औद्योगिक विकास तथा जनसुविधाओं के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी साझा की।




उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। डबल इंजन सरकार की नीतियों के परिणामस्वरूप प्रदेश देश की सबसे तेज गति से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने उत्तर प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रदेश को देश के विकास का प्रमुख इंजन बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा विकास के लाभों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी ने भी उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था, आधारभूत संरचना विकास तथा ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे परिवर्तन की सराहना करते हुए भविष्य की विकास योजनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव एवं मार्गदर्शन दिया।
उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री जी एवं गृह मंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तर प्रदेश को देश का सर्वाधिक समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाने का संकल्प शीघ्र ही साकार होगा।
श्री मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित, सुशासन और विकास के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।



